सहारनपुर। अपराधों की रोकथाम और अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना फतेहपुर पुलिस ने चेकिंग और गश्त के दौरान दो कथित शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 50 पाउच देशी शराब बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देश पर जनपद में वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी तथा अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक फतेहपुर प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में 6 अक्टूबर 2026 को पुलिस टीम चेकिंग और गश्त कर रही थी।
इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने छुटमलपुर कस्बे में शराब के ठेके के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनोज पुत्र पूरन, निवासी गांव कछोली, थाना कोतवाली नगर, हाल पता देशी शराब ठेके के पास कस्बा छुटमलपुर, थाना फतेहपुर, तथा छोटेराम पुत्र जगदीश, निवासी ग्राम फतेहपुर भादो, थाना फतेहपुर, सहारनपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 25-25 पाउच, कुल 50 पाउच देशी शराब महबूबा उत्तर प्रदेश मार्का बरामद करने की जानकारी दी है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना फतेहपुर में मु0अ0सं0 425/26, धारा 60(1) आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह, उपनिरीक्षक मशकूर अली और हेड कांस्टेबल 1196 गौरव कुमार शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
